
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें, संबंधित अधिकारी को दिये त्वरित कार्यवाही के निर्देश
रायगढ़ । कलेक्टर भीम सिंह ने आज जनचौपाल में लोगों की समस्यायें सुनी। इस दौरान शहर के एक बुजुर्ग दंपत्ति अपनी बहु से प्रताडि़त होकर उन्हें घर से निकाल देने संबंधी शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिस पर कलेक्टर सिंह ने रेसिडेंशियल एक्ट के तहत आदेश पारित करने और बुजुर्ग दंपत्ति को उनका घर दिलाने के निर्देश एसडीएम को दिए।

जनचौपाल में 3 महिलाएं आयी थी जिनके पास खुद का घर नहीं है और वे किराये के घर पर रहती है जिससे उनका गुजर-बसर करने में उन्हें काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उनका गरीबी रेखा कार्ड भी अब तक नहीं बन पाया है। कलेक्टर सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एएचपी मकान आबंटित करने हेतु आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया तथा खाद्य विभाग के अधिकारी को पात्र लोगों के गरीबी रेखा कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
एक महिला द्वारा अपने मकान मालिक की शिकायत लेकर आयी थी। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि उनका सारा सामान मकान मालिक अपने कब्जे में ले लिया है और उसे घर से बाहर निकाल रहा है। कलेक्टर सिंह ने तहसीलदार को मकान मालिक के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करने के साथ गरीब महिला को उसका सामान वापस दिलाने के निर्देश दिए।
जनचौपाल में आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये नागरिकों ने बिजली बिल अधिक आने की शिकायत, शौचालय व अन्य निर्माण में गड़बड़ी, प्राइवेट स्कूल के टीचरों के वेतन नहीं मिलने तथा वृद्धा व विकलांग पेंशन, राशन कार्ड, लोन प्रकरण से जुड़ समस्यायें बतायी। कलेक्टर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये आवश्यक कार्यवाही कर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये।




