खरसिया। राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन गांव के रहने वाले अक्षय दोशी का बचपन इंडिया पाकिस्तान बॉर्डर के करीब ही बीता है।परिवार में कोई भी सरकारी नौकरी में नहीं था।
अक्षय के पिता LIC एजेंट है। मां हाउस वाइफ हैं। एक मिडिल क्लास फैमिली में रहते हुए अक्षय ने यूपीएससी की तैयारी की। खास बात यह है कि,05 बार इसमें नाकाम रहने के बाद भी हौसला नहीं टूटा।अक्षय डटे रहे और यूपीएससी-2023 में 06वां अटेम्प्ट उनके लिए 75वीं रैंक ले आया।
युवा प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी अक्षय कुमार दोशी ने खरसिया में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के स्वतंत्र प्रभार संभाल लिए है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने क्षेत्र के प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है।
खरसिया औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में प्रशिक्षु अधिकारी को यहां कार्य करते हुए राजस्व प्रशासन, कानून-व्यवस्था, विभिन्न गतिविधियों और जनसमस्याओं के समाधान की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षण अवधि के दौरान अधिकारी को विभिन्न विभागों के समन्वय, राजस्व प्रकरणों के निस्तारण तथा क्षेत्रीय विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारियों से भी रूबरू कराया जाएगा, जिससे भविष्य में उच्च प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के लिए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।




