छत्तीसगढ़

सक्ती: वेदांता पावर प्लांट के गेट पर श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन,काम बंद कर हड़ताल शुरू…

सक्ती।सक्ती जिले के डभरा स्थित वेदांता पावर प्लांट के मुख्य द्वार पर गुरुवार को श्रमिकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में मजदूरों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी और प्लांट गेट के बाहर एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी की। अचानक शुरू हुए इस आंदोलन से प्लांट परिसर के बाहर हलचल और तनाव का माहौल बन गया।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन,अवकाश और श्रमिक सुविधाओं से जुड़ी उनकी समस्याएं प्रबंधन के सामने रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। मजदूरों का कहना है कि लगातार उपेक्षा के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

श्रमिक नेताओं के अनुसार कर्मचारियों को नियमित वेतन वृद्धि,निर्धारित अवकाश और मूलभूत श्रम सुविधाएं देने की मांग लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि कई बार प्रबंधन को ज्ञापन और बातचीत के माध्यम से समस्या बताई गई,लेकिन ठोस कार्यवाही के अभाव में असंतोष धीरे-धीरे आक्रोश में बदल गया।

हड़ताल के कारण प्लांट के संचालन और श्रमिक गतिविधियों पर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं प्लांट गेट के बाहर बड़ी संख्या में मजदूरों की मौजूदगी के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या टकराव की स्थिति न बने।

औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक असंतोष का समय पर समाधान नहीं होने पर उत्पादन और औद्योगिक संबंध दोनों प्रभावित होते हैं। यदि प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच शीघ्र संवाद नहीं हुआ, तो यह आंदोलन आगे और व्यापक रूप ले सकता है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!