
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम की कार्यवाही; खरसिया क्षेत्र में भी जल्द जांच की संभावना
रायगढ़।जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने और आम उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर रायगढ़ शहर में होटलों,ढाबों और भोजनालयों में औचक निरीक्षण किया गया।
एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय और गणगौर स्वीट्स सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित है,जबकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अनिवार्य रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करना होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पिछले कुछ समय से कई जिलों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की मांग बढ़ने और कुछ स्थानों पर आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आई थीं। प्रशासन का मानना है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के उपयोग से आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्धता प्रभावित होती है। इसी कारण राज्य स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासनिक फोकस और निगरानी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था,सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण प्रणाली की भी समीक्षा की। प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जिले में घरेलू गैस की दैनिक आवक और वितरण पर नियमित निगरानी रखी जाए,ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की उपलब्धता सामान्य है और नागरिकों को अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर संग्रहित करने की आवश्यकता नहीं है।
खरसिया क्षेत्र को लेकर सवाल?
रायगढ़ शहर में कार्यवाही के बाद अब खरसिया क्षेत्र के नागरिकों के बीच भी यह सवाल उठ रहा है, इस प्रकार की जांच-पड़ताल क्षेत्र में कब शुरू होगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार,जिले के अन्य शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण अभियान चलाए जाने की संभावना है।
प्रशासन का संकेत है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए इस तरह के संयुक्त निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
एजेंसी संचालक का भी नियमित निगरानी और सख़्त कार्यवाही से न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित होगा,बल्कि घरेलू उपभोक्ताओं तक एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग तेल विपणन कंपनियों द्वारा उपलब्ध कई सुविधाजनक माध्यमों से आसानी से की जा सकती है।
घरेलू एलपीजी उपभोक्ता घर बैठे इन माध्यमों से एलपीजी रिफिल बुक कर सकते हैं:
• WhatsApp के माध्यम से
• SMS / IVRS के माध्यम से
• संबंधित OMC के मोबाइल ऐप के माध्यम से
इसके लिए उपभोक्ताओं को वितरक के पास जाने या कतार में खड़े होने की आवश्यकता नहीं है।




