अदाणी फाउंडेशन ने उन्नति स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सौंपा ई-रिक्शा

अंबिकापुर । पर्यावरण सुरक्षा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के अंदरुनी इलाकों में यातायात की सुविधा प्रदान करने के लिए आरआरवीयूएनएल और अदाणी फाउंडेशन ने शनिवार को साल्ही गांव में ई-रिक्शा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। राज्य विद्युत् उत्पादन निगम लिमिटेड (आरआरवीयुएनएल)) के निगमित सामाजिक सरोकार के तहत किये गए इस कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन द्वारा रिक्शे का 90 फीसदी मूल्य दिया गया। वाहन प्रदान करने का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को आजीविका संवर्धन के साथ-साथ ग्रामों के बीच आवागमन हेतु परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है। पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रख कर बनाए गए ई-रिक्शा को ग्राम पंचायतों साल्ही, परसा और बासेन के बीच यातायात के सार्वजनिक उपयोग के लिए दिया गया।
अदाणी इंटरप्राइजेज लिमिटेड के सरगुजा-क्लस्टर प्रमुख मनोज कुमार शाही ने आज उन्नति समूह की अध्यक्ष श्रीमती बंधन पोर्ते, को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी। इस उपलक्ष्य में तीनों पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधि तथा अदाणी इंटरप्राइजेज के भू-विभाग से संजय श्रीवास्तव, सत्येंद्र बघेल, एचआर प्रमुख राम द्विवेदी एवं सीएसआर विभाग के अधिकारी उपस्थित थे ।
उन्नति स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती बंधन पोर्ते ने कहा कि आज हमारे उन्नति समूह को अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से ई रिक्शा प्रदान किया गया जिसके लिए हम उन्हें धन्यवाद देते है। इससे हम तीनों ग्रामों के निवासियों को आवागमन के लिए होने वाली परेशानियों को दूर कर सकेंगे। साथ ही यह हमारे समूह के आय में भी वृद्धि करने में सहायक होगा।
इस मौके पर क्लस्टर प्रमुख शाही ने कहा कि यह ई – रिक्शा उन्नति समूह की महिलाओं को न सिर्फ उनकी आय में वृद्धि का माध्यम बनेगा अपितु तीनों ग्राम को भी इस सेवा से आवागमन में आने वाले परेशानियों से निजात मिलेगी।



