छत्तीसगढ़

पत्रकारिता विवि में कैंपस सलेक्शन, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह- 40 ने दिए साक्षात्कार

रायपुर । छत्तीसगढ़ के कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में कैम्पस प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया गया। इस दौरान 40 विद्यार्थी कैंपस प्लेसमेंट साक्षात्कार में शामिल हुए। भिलाई की एक प्रतिष्ठित मीडिया कंपनी कुसुम इंटरटेंमेंट ने प्लेसमेंट के लिए कैंपस विजिट कर विद्यार्थियों के साक्षात्कार किए। कंपनी ने क्रियेटिव तरीके से विद्यार्थियों की दक्षता को मापने के लिए तीन चरणों में लिखित व मौखिक टेस्ट लिया। पहले चरण में भाषायी दक्षता को परखा गया। द्वितीय चरण में तात्कालिक विषय पर आलेख लेखन दक्षता को जांचा गया। अंतिम चरण में विद्यार्थियों से विषयांतर्गत व व्यक्तिगत दक्षता के मूल्यांकन के लिए साक्षात्कार लिया गया।

कुसुम इंटरटेंमेंट की ओर से मयंक चतुर्वेदी ‘मानस’, संदीप दीवान, दिनेश चौहान शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मयंक चतुर्वेदी ‘मानस’ ने पत्रकारिता की बारीकियों, इसके लिए बेहद जरूरी पहलूओं, भाषा में कसावट, मात्रा व वाक्यों में शुद्धता तथा पत्रकारिता लेखन में भाषा शैली की अनिवार्य आवश्यकताओं की ओर सभी का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों को अपने भीतर की तकनीकी कमियों को लगातार सेल्फ ट्रेनिंग के जरिए दूर करने का निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। कॉन्फिडेंस के साथ-साथ विषय का ज्ञान भी अति आवश्यक है। इसके अलावा मीडिया क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए जमीनी व व्यावहारिक गुण को सीखते रहना चाहिए, तभी पत्रकारिता में निखार आ सकता है।

यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुप्रिया कुमारी ने किया। इस कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के बीएससी अंतिम व एमएससी अंतिम सेमेस्टर तथा जनसंचार विभाग के अंतिम सत्र के विद्यार्थियों सहित अतिथि प्राध्यापक वर्षा शर्मा, चंद्रेश चौधरी, अमित चौहान व अन्य प्रशिक्षु प्रतिभागी शामिल हुए।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!