AICC अध्यक्ष चुनाव- सोनिया-प्रियंका ने दिल्ली में,तो खड़गे ने बेंगलुरु में डाला वोट…

नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव शुरू हो गया है। देशभर में 9 हजार से अधिक प्रतिनिधि नए अध्यक्ष को चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वोटिंग का समय शाम 4 बजे तक है। करीब 22 साल बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। गांधी परिवार के करीबी मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। मतों की गिनती बुधवार को होगी। मतों की गिनती के बाद लगभग 24 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से होगा।

यह एक ऐतिहासिक दिन है–जयराम रमेश
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने अध्यक्ष के लिए चुनाव कराने वाली एकमात्र राजनीतिक पार्टी है। यह एक ऐतिहासिक दिन है। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बेल्लारी में वोट डालेंगे।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में वोट डाला। पार्टी सांसद पी. चिदंबरम, जयराम रमेश और पार्टी के अन्य नेताओं ने भी दिल्ली में AICC कार्यालय में जाकर वोट डाला।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी वोट डाल दिया है। उन्होंने बेंगलुरु में बने पोलिंग बूथ पर वोट डाला।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के पझावंगडी गणपति मंदिर में पूजा की। उनका मुकाबला वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से है।


