तमिलनाडु में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राज्यपाल आर.एन. रवि ने फहराया तिरंगा
चेन्नई: तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने सोमवार को यहां मरीना बीच के सामने लेबर स्टैच्यू परिसर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज फहराया।
राष्ट्रगान गाए जाने के दौरान भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने तिरंगे पर पुष्पवर्षा की। इस अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सलामी दी।
राज्य की राजधानी में आयोजित समारोह के दौरान आकर्षक मार्च पास्ट हुआ, जिसमें राज्यपाल को सलामी दी गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अन्ना वीरता पुरस्कार भी वितरित किए।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के आगमन पर उनका स्वागत किया और परंपरा के अनुसार थल सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक बल और तमिलनाडु पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से राज्यपाल का परिचय कराया।




