ChhattisgarhKharsiaRaigarhआध्यात्मखरसियाछत्तीसगढ़रायगढ़

सावन के प्रथम सोमवार पर शिवभक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु,

खरसिया विधायक उमेश पटेल ने पार्थिव शिवलिंग के सामूहिक रुद्राभिषेक में की सहभागिता

शिव ध्यान मंत्र
“ध्यायेन्नित्यं महेशं रजतगिरिनिभं चारुचन्द्रावतंसं
रत्नाकल्पोज्ज्वलांगं परशुमृगवराभीतिहस्तं प्रसन्नम्।

पद्मासीनं समन्तात् स्तुतममरगणैर्व्याघ्रकृत्तिं वसानं
विश्वदयं विश्वबीजं निखिलभयहरं पञ्चवक्त्रं त्रिनेत्रम्।।”

खरसिया। भगवान शिव की आराधना को समर्पित पावन सावन मास के प्रथम सोमवार पर क्षेत्रभर में श्रद्धा,आस्था और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार,रुद्रपाठ और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच देहजरी स्थित श्री कृष्ण दामोदर गौशाला (ऐडूपुल के पास) में भगवान महाकाल के पार्थिव शिवलिंग का सामूहिक रुद्राभिषेक श्रद्धा एवं धार्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

इस आध्यात्मिक आयोजन में खरसिया विधायक उमेश पटेल ने सहभागिता करते हुए भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर कल्याण की कामना की। रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक ऋचाओं और महामृत्युंजय मंत्र के पवित्र उच्चारण से संपूर्ण परिसर शिवमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।

सावन मास का प्रथम सोमवार सनातन परंपरा में विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा, संयम और पूर्ण समर्पण के साथ भगवान शिव की उपासना करने से जीवन के संकट दूर होते हैं तथा सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। यही कारण रहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल होकर पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक एवं पूजन कर पुण्य लाभ के सहभागी बने।

इस अवसर पर विधायक उमेश पटेल ने सभी देश प्रदेशवासियों को पवित्र सावन मास के प्रथम सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-शांति,समृद्धि,उत्तम स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। उन्होंने समाज में प्रेम,सद्भाव और लोककल्याण की भावना निरंतर बनी रहने की भी प्रार्थना की।

श्रद्धा और संस्कारों से ओत-प्रोत यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं रहा,बल्कि सामाजिक एकात्मता, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सामूहिक आस्था का सशक्त प्रतीक भी बना। सावन के प्रथम सोमवार मंदिरों में  उमड़ा यह जनसमागम इस बात का साक्षी बना कि बदलते समय के बावजूद सनातन परंपराओं के प्रति जनमानस की आस्था आज भी उतनी ही प्रगाढ़ और जीवंत है।

हर-हर महादेव।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!