ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार,06 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पुलिस ने BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मास्टर एडमिन समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोबाइल ऐप, WhatsApp और Telegram के जरिए संचालित इस नेटवर्क में मास्टर आईडी व लिंक बांटकर खिलाड़ियों को जोड़ा जाता था और कमीशन के जरिए रकम का लेन-देन होता था।
पुलिस जांच में आरोपियों के खातों में 30 लाख रुपये से अधिक के लेन-देन का खुलासा हुआ है। आरोपियों के मोबाइल से सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट और चैट बरामद किए गए हैं। नेटवर्क में USDT क्रिप्टो करेंसी के जरिए भी लेन-देन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मुख्य आरोपी शैलेंद्र ने करीब 20 लाख रुपये का सट्टा खेलने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं BNS के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



