जिला परिक्रमा
केलो डैम का निरीक्षण करेंगे जिला पंचायत के पदाधिकारी

केलो डैम का निरीक्षण करेंगे जिला पंचायत के पदाधिकारी

सिंचाई के लिए अनुकूल बनाने प्रदेश सरकार को करेंगे पहल
अपने निर्माण के पश्चात आज पर्यंत किसानों को पर्याप्त जलापूर्ति करने की दिशा में विफल होने की बात को लेकर जिला पंचायत के पदाधिकारी केलो डैम का निरीक्षण करने की योजना बनाए हैं जिसके तहत जिला पंचायत के अध्यक्ष निराकार पटेल की अगुवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीता प्रकाश चौधरी, केलो डैम परियोजना के अधीक्षण अभियंता एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों को लेकर आगामी 17 मार्च को केलो डैम मुख्य स्थल से लेकर नहरों के अंतिम छोर तक निरीक्षण सर्वे करेंगे ।
निरीक्षण के दौरान इस बात की जानकारी प्राप्त करेंगे कि आखिर केलो डैम की सिंचाई क्षमता के आधार पर किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाने का कारण क्या है ? इस दिशा में क्या पहल किया जा सकता है ? इस पर भी निरीक्षण दल के पदाधिकारी विचार करेंगे तथा जिला के कैबिनेट मंत्री उमेश पटेल के माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक पहल करते हुए आग्रह पत्र भेजकर केलो डैम को किसानों के लिए उपयोगी और लाभदायक बनाने हेतु प्रदेश सरकार से आग्रह करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल ने बताया कि करोड़ों की लागत से बनाए गए केलो डैम वास्तव में किसानों के लिए लाभदायक हो हमारी यह मंशा है जिसके लिए हम प्रदेश सरकार को आग्रह करेंगे कि इसके सुधार और जलापूर्ति के लिए जो भी कार्यवाही आवश्यक हो उसे किया जाय जिससे जिला की इस महती परियोजना का लाभ किसानों को मिल सके।



