करमडार महापूजा एवं महोत्सव में शामिल हुए विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल

खरसिया/सक्ती। ग्राम चारपारा स्थित परमशक्ति बड़ादेव ठाना धवईगढ़ धाम में छत्तीसगढ़ गोंडवाना संघ एवं युवा प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय करमडार महापूजा एवं करमडार महोत्सव का आयोजन किया गया।

देर रात आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह में खरसिया विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल ने सहभागिता की।

इस अवसर पर विधायक पटेल ने गोंडवाना समाज के लोगों से आत्मीय भेंट की तथा महोत्सव में उपस्थित समाजजनों को संबोधित किया। उन्होंने आयोजन में समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।
करमडार महापूजा एवं महोत्सव के दौरान गोंडवाना समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और सामूहिक रूप से आयोजन को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।

विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल ने इस अवसर पर आयोजन समिति, छत्तीसगढ़ गोंडवाना संघ एवं युवा प्रभाग सहित समस्त आयोजकों और समाज के भाई-बहनों को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महोत्सव के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक विरासत,परंपराओं और सामुदायिक एकजुटता को मजबूत करने का संदेश भी सामने आया।




