
रायगढ़। भारत सरकार द्वारा डॉ.बी.आर.अम्बेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। डॉ.अम्बेडकर भारतीय संविधान के प्रारूप निर्माण समिति के अध्यक्ष थे। भारतीय संविधान को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा में अंगीकृत अधिनियमित और आत्मार्पित किया गया है।
इस वर्ष संविधान दिवस 26 नवंबर 2021 मनाये जाने हेतु भारत सरकार, संसदीय कार्य मंत्रालय के द्वारा निम्न वेब पोर्टल का निर्माण किया गया है। जिसमें भारत के संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका)के ऑनलाइन पाठन हेतु https://readpreamble.nic.in संवैधानिक लोकतंत्र के संबंध में ऑनलाईन क्वीज हेतु https://constitutionquiz.nic.in यह वेबपोर्टल 26 नवंबर 2021 को उपलब्ध रहेगा तथा इसमें भारत के सभी नागरिक भाग लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते है ।
छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त सचिव द्वारा जारी आदेश के तहत कोविड-19 के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, महाविद्यालयों, संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों में दिनांक 26 नवंबर 2021 को संविधान दिवस के अवसर पर पूर्वान्ह 11 बजे संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) के ऑनलाइन पाठन हेतु निर्मित वेब पोर्टल को ओपन कर भारतीय संविधान के प्रस्तावना को पढ़ा जावे, आमजन की सहभागिता हेतु इसका प्रचार-प्रसार किया जावे तथा ऑनलाईन क्वीज हेतु https://constitutionquiz.nic.in वेब पोर्टल का उपयोग किया जावे। जहां कम्प्यूटर तथा मोबाईल में इन्टरनेट की सुविधा उपलब्ध ना हो वहां पूर्व की भांति ऑफलाईन मोड में संविधान के प्रस्तावना का पाठन किया जाए।




