
खरसिया क्षेत्र के परसकोल गांव में हुए हत्या मामले की जांच के दौरान पूछ-ताछ के बाद युवक रमेश लाल चौहान की अस्पताल में मौत होने के बाद मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। मृतक के परिजनों और चौहान समाज के लोगों ने पुलिस पर कथित टॉर्चर का आरोप लगाते हुए गुरुवार दोपहर न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मदनपुर बेरियर चौक से पैदल मार्च निकालते हुए “मृतक को न्याय दिलाओ” के नारे लगाए और सैकड़ों की संख्या में तहसील परिसर में स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान परिजनों और समाज के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्यवाही की मांग की।
बताया जा रहा है कि परसकोल गांव में हुए हत्या प्रकरण की जांच के सिलसिले में खरसिया पुलिस द्वारा रमेश लाल चौहान से पूछ-ताछ की गई थी। पूछ-ताछ के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया,खरसिया से रायगढ़, रायगढ़ से रायपुर जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर संवेदनशीलता बनी हुई है और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



