
छत्तीसगढ़ में इस जनपद उपाध्यक्ष के ऑफिस में फायरिंग…
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी इलाके में मंगलवार को अज्ञात बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी। फायरिंग की यह वारदात जनपद उपाध्यक्ष नितेश ठाकुर के कार्यालय में हुई, जहां उस समय कई लोग मौजूद थे। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में बिलासपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और ऑफिस में अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की पहचान नेता रौशन सिंह के ससुर के रूप में हुई है। दोनों घायलों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।




