
खरसिया। खरसिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कर्रानारा (सरवानी) में 18 गढ़ उरांव समाज सुधार समिति छत्तीसगढ़/उड़ीसा का 42वां वार्षिक महासभा (महासभा अधिवेशन) भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर खरसिया क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक उमेश पटेल ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की और समाज को एकजुटता, शिक्षा और जागरूकता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस वार्षिक अधिवेशन में छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के विभिन्न जिलों से आए समाज के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। समाज के प्रमुख मुद्दों,परंपराओं की रक्षा,युवा वर्ग को शिक्षा और रोजगार की ओर अग्रसर करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्ताव भी पारित किए गए।
https://twitter.com/umeshpatelcgpyc/status/1921228790639862239?t=NDXqB7eaJuBMid2b-ufrVA&s=19
विधायक उमेश पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उरांव समाज की सांस्कृतिक विरासत समृद्ध है, जिसे सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज द्वारा आयोजित इस महासभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक चेतना और विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
अधिवेशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें उरांव समाज की परंपरागत लोकनृत्य और गीतों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया और युवाओं को प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों के कुशल नेतृत्व में किया गया। समापन समारोह में समाज के एकजुट होने और आने वाले वर्षों में समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।



