भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, पहली सूची में आ सकते है राजस्थान के 10 प्रत्याशियों के नाम
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज होगी। राजस्थान की कुछ सीटों पर चर्चा संभव है। इसके बाद भाजपा जो पहली सूची जारी करेगी, संभवत: उस सूची में राजस्थान की 7 से 10 सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते हैं।
राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर पार्टी में मंथन अंतिम चरण में पहुंच चुका है। संभवत: पहली सूची में ही राजस्थान की सात से दस सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं। भाजपा लोकसभा चुनावों को लेकर अब तक चार बैठक कर चुकी है। इसमें दो बैठक दिल्ली के नेताओं के साथ हो चुकी हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 फरवरी को राजस्थान दौरे पर आए थे और 9 लोकसभा क्षेत्रों की बैठकें लेकर प्रदेश भाजपा को भी सक्रिय रहने का कड़ा संदेश देकर गए थे। अमित शाह के जाते ही भाजपा ने तुरंत कोर कमेटी की पहली बैठक 22 फरवरी को की। इसके बाद 24 फरवरी को एक बैठक दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह के साथ हो चुकी है।
इस बैठक के बाद मंगलवार को कोर ग्रुप के सभी आठ सदस्यों की फिर बैठक हुई, इसमें सभी लोकसभा सीटों पर पैनल बनाए गए। यह पैनल लेकर बुधवार को सभी आठो नेता फिर दिल्ली पहुंचे, यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ लम्बी मंत्रणा हुई।
आज होगी भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक
अब गुरुवार को भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी है। इस बैठक में राजस्थान की कुछ सीटों पर चर्चा संभव है। इसके बाद भाजपा जो पहली सूची जारी करेगी, संभवत: उस सूची में राजस्थान की 7 से 10 सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते हैं। पहली सूची में वह नाम होंगे, जहां अभी सांसद नहीं है। ऐसी चर्चा भी है कि कुछ सांसदों के टिकट भी काटे जाएंगे।