अयोध्या में 60 दिनों तक भंडारा चलाएगी BJP,देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा मुफ्त भोजन…

भारतीय जनता पार्टी अयोध्या में लगातार 60 दिनों तक विशाल भंडारे का आयोजन करेगी। देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्टी यह आयोजन करने जा रही है।
नई दिल्ली।अयोध्या में देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भाजपा 25 जनवरी से विशाल भंडारा चलाएगी। पूरे 60 दिनों तक यह आयोजन होगा। सभी प्रदेश संगठन को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। एनजीओ, ट्रस्ट की भी सहायता ली जाएगी। इस बारे में पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रदेश यूनिट को निर्देश जारी किए हैं।
भाजपा मुख्यालय पर गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में बीते मंगलवार को हुई बैठक में राम मंदिर से लेकर लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन हुआ। इस बैठक में राष्ट्रीय से लेकर प्रदेशों के संगठन पदाधिकारी जुटे। बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीती बनी।
जल्द नियुक्त होंगे राज्यों के प्रभारी
सूत्रों ने बताया कि भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए जल्द सभी राज्यों में पदाधिकारियों और सहप्रभारियों की नियुक्ति करेगी। ताकि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को धरातल पर उतारा जा सके। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव संचालक कमेटी भी गठित होंगी।
हर चुनाव में बदलते गए नारे
भाजपा ने हर चुनाव में नए लक्ष्य को साधने के लिए नए नारे गढ़े हैं। मिसाल के तौर पर 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने ‘अच्छे दिन आने वाले हैं‘ नारा दिया था तो 2019 का चुनाव ‘फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 300 पार’ के नारे पर लड़ा तो अब 2024 का चुनाव ‘ तीसरी बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार के नारे पर लड़ने जा रही है।
राम मंदिर पर जनता के बीच जाएगी बीजेपी
उच्चस्तरीय बैठक में राम मंदिर के मुद्दे पर जनता के बीच जाने का भी निर्णय हुआ। पार्टी 22 जनवरी को राम मंदिर उद्घाटन के दिन सभी से घरों में दिए जलाने की अपील करेगी। साथ ही प्रसाद वितरण भी घर घर करने की तैयारी है। पार्टी राम मंदिर के बहाने जनता की भावनाओं से जुड़ने की हर संभव कोशिश करेगी।




