अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत,आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया चक्काजाम…

रायगढ़। शनिवार की सुबह 10.30 सारंगढ़ बस स्टैण्ड के पास अज्ञात वाहन ने सायकल सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने परिजनों को मुआवजे दिलाने की मांग को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया। जिससे इस मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी के द्वारा मृतक के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि 25 हजार रूपये देने के बाद ही चक्काजाम समाप्त हो सका। घटना से आक्रोशित लोगों की यह भी मांग थी कि यहां ट्राफिक जवान की भी तैनाती की जाए।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत की खबर लगते ही ट्रांसपोर्ट नगर सारंगढ़ बस स्टैण्ड के पास आक्रोशित लोगों के द्वारा चक्काजाम शुरू कर दिया गया। इसकी जानकारी लगते ही जूटमिल थाने की पुलिस टीम के अलावा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रूपये दिये जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया।




