
रायपुर। एनएफएचएस की रिपोर्ट को लेकर सीएम भूपेश बघेल का बड़ा बयान समाने आया है। उन्होने कहा कि 88 प्रतिशत लोग ही शहर में शौचालय का उपयोग करते है। वहीं ग्रामीण इलाकों की बात की जाए तो 73.5 प्रतिशत लोग शौचालय का उपयोग करते हैं।
सीएम ने कहा कि अगर कुल मिलाकर देखा जाए तो प्रदेश के 76% लोग ही शौचालय का उपयोग करते हैं। वहीं 23% लोग शौचालय का उपयोग नहीं कर रहे हैं।
राज्य को ओडीएफ प्लस राज्य घोषित कर दिया गया है। लेकिन 16 लाख परिवार अभी भी शौचालय का उपयोग नहीं कर रहे हैं।
बीजेपी ने किया डेढ़ हजार करोड़ का घोटाला
सीएम ने कहा कि रमन सिंह के कार्यकाल के दौरान ही राज्य को ओडीएफ बना दिया गया था और लगभग डेढ़ हजार करोड रुपए का घोटाला शौचालयों के निर्माण में किया गया। जिसके लिए हमने केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा था, लेकिन जांच नहीं हो रही है।
उन्होने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता मौन है, कोई भी नेता इस मामले पर नहीं बोल रहा है। इस मामले की भी ईडी, आईटी से जांच करानी चाहिए।




