15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के निर्देश जारी…

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने आगामी 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के संबंध में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विभाग द्वारा 21 जुलाई 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रदेश के सभी क्षेत्रीय संयुक्त संचालकों, नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल एवं गरिमा के अनुरूप आयोजित किए जाएं।

जारी आदेश में बताया गया है कि यह निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के 17 जुलाई 2026 के संदर्भ पत्र के आधार पर जारी किए गए हैं। सभी नगरीय निकायों से कहा गया है कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूर्ण करें।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरे प्रदेश में गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना के अनुरूप आयोजित किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह आदेश संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, नया रायपुर अटल नगर की ओर से संचालक की अनुमति से जारी किया गया है। डिजिटल हस्ताक्षरित इस आदेश पर मिथिलेश कुमार अवस्थी के हस्ताक्षर अंकित हैं।



