
थाना भ्रमण के दौरान छात्रों ने जाना नए कानून,साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली
एसएसपी बोले— जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक
रायगढ़। पुलिस और समाज के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी तैयार करने की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए भूपदेवपुर थाना को विद्यार्थियों के लिए सीख और जागरूकता का केंद्र बना दिया। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गुरुवार को थाना परिसर का शैक्षणिक भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था, कानून की कार्यप्रणाली और नागरिक जिम्मेदारियों को करीब से समझा। इस पहल ने विद्यार्थियों के मन में पुलिस के प्रति मौजूद झिझक को दूर करने के साथ यह संदेश भी दिया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं,बल्कि समाज की भरोसेमंद सहयोगी भी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस की कार्यशैली और नए आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।
नए कानूनों को सरल भाषा में समझाया
निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के बारे में सहज और सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन नए कानूनों का उद्देश्य अपराधों की प्रभावी जांच, पीड़ितों को त्वरित न्याय और न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनाना है।
उन्होंने एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना,साक्ष्य संकलन,गिरफ्तारी, न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने और न्यायिक प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया, जिससे विद्यार्थियों को कानून व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
थाना परिसर का भ्रमण बना सीख का अनुभव

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने थाना के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया। उन्हें लॉकअप, मालखाना,वायरलेस (रेडियो) कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष,आगंतुक कक्ष,पुलिस रजिस्टरों का संधारण,पुलिस रैंक व्यवस्था तथा हथियारों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के हर प्रश्न का धैर्यपूर्वक उत्तर दिया,जिससे विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान हुआ और पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
साइबर सुरक्षा से लेकर महिला सुरक्षा तक दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को केवल कानून ही नहीं,बल्कि वर्तमान समय की सामाजिक और डिजिटल चुनौतियों के प्रति भी जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने गुड टच-बैड टच,महिला एवं बाल सुरक्षा,साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने, यातायात नियमों का पालन,नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने,बाल विवाह का विरोध तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में 24 घंटे के भीतर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “हैलो सिस्टर” हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी देते हुए बताया कि इस माध्यम से महिला पुलिस अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सहायता और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
अनुशासन और संस्कार ही सफलता की असली पहचान
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने, किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय विश्वासपात्र लोगों एवं पुलिस से साझा करने, अफवाहों से दूर रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
भ्रमण के बाद बदली विद्यार्थियों की सोच
कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि थाना भ्रमण ने पुलिस के प्रति उनकी सोच को सकारात्मक बनाया है। उन्होंने महसूस किया कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है। विद्यार्थियों ने विश्वास जताया कि भविष्य में किसी भी समस्या के समय वे बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करेंगे।
एसएसपी का संदेश: जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की नींव
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास विकसित करना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उनके अनुसार आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की मित्र और हर जरूरतमंद की सहयोगी है।
रायगढ़ पुलिस की यह पहल केवल एक थाना भ्रमण तक सीमित नहीं रही, बल्कि विद्यार्थियों के मन में कानून के प्रति सम्मान,समाज के प्रति जिम्मेदारी और पुलिस के प्रति विश्वास का ऐसा बीज बो गई,जो भविष्य में एक जागरूक,सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण की मजबूत नींव बन सकता है।


