स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारियां पूर्ण

19 सितंबर को रायगढ़ में जुटेंगे देशभर के शिक्षक और शिक्षाविद्; खरसिया की तीन शिक्षिकाएं होंगी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
✍दिलीप मंथन@राबर्टसन। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा आयोजित स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह का आयोजन 19 सितंबर 2026 को रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में होगा। आयोजन में देशभर से शिक्षक, शिक्षाविद् एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े गणमान्यजन शामिल होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चयनित शिक्षकों को इस अवसर पर स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया जाएगा।
खरसिया की तीन शिक्षिकाओं का होगा सम्मान
राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान समारोह में खरसिया क्षेत्र की तीन शिक्षिकाओं का चयन किया गया है। इनमें—
- श्रीमती भुनेश्वरी मंथन, प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला पामगढ़
- श्रीमती कविता राठौर, प्रधान पाठक, NPS वार्ड क्रमांक 6, खरसिया
- श्रीमती गीता जायसवाल, प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला तेलीकोट
शामिल हैं। चयनित शिक्षकों के समर्पण, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों, शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान को सम्मान के प्रमुख आधारों में शामिल किया गया है।
शिक्षा की चुनौतियों और नवाचार पर होगा मंथन
आयोजन के प्रथम चरण में अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक शैक्षिक संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें शिक्षा की वर्तमान चुनौतियों, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
इसके बाद शाम 5 से 7 बजे तक शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया जाएगा।
देशभर से जुटेंगे शिक्षा जगत के प्रतिनिधि
समारोह के मुख्य अतिथि श्री जगन्नाथ पाणिग्राही, इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, ब्रेटवर्थ बर्न एंड जेसफ कंस्ट्रक्शन कंपनी (BBJ), भारी उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री संजय अग्रवाल, शिक्षाविद् एवं संस्थापक, एनआर स्टील रायगढ़ करेंगे। श्री गुननिधि सतपथी, शिक्षाविद्, रायगढ़ विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. पूर्णानंद मिश्र, अध्यक्ष, राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत उपस्थित रहेंगे।
सम्मान से आगे—शिक्षा में नवाचार को प्रोत्साहन
आयोजकों के अनुसार यह समारोह केवल शिक्षकों को सम्मानित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक प्रयोगों और नवाचारों को साझा करने का मंच भी है। स्थानीय संसाधनों के रचनात्मक उपयोग, विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, नई शिक्षण विधियों को अपनाने तथा शिक्षा को समाज से जोड़ने वाले प्रयासों को मंच देने का उद्देश्य है।
शिक्षक को केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के भविष्य को दिशा देने वाले मार्गदर्शक के रूप में स्थापित करना आयोजन की मूल भावना बताई गई है। आयोजकों का मानना है कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सार्वजनिक सम्मान अन्य शिक्षकों को भी नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित करेगा।
आयोजन की तैयारियों में जुटी टीम
कार्यक्रम की तैयारियों में अजय कुमार जायसवाल, उस्ताद अली, रामकुमार मैत्री, आनंद शर्मा, डीजेन्द्र कुर्रे, डॉ. प्रज्ञा सिंह, गायत्री मिश्रा, जितेन्द्र मिश्रा, मातली नंदन वर्मा, मनोज मुंच्छावड, मीनाक्षी शर्मा, मोहन लहरी, पीताम्बर मानिकपुरी, प्रेमचंद साव, पूनम सिंह साहू, रिंकल बग्गा, रीता पति, रोहित शर्मा, रूद्र नारायण तिवारी, शैलेन्द्र नायक, शैलेश प्रजापति, तरुण दास, आशा उज्जैनी, उर्मिला मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र कर, योगेश सिंह ठाकुर, अंजनी मिश्रा, भूपेश पंडा, दीपा चौहान, गायत्री ठाकुर, हेमलता मिश्रा, यज्ञसेनी मिश्रा, कात्यायनी डडसेना, मीनाक्षी सरकार, निशा गौतम, रश्मि साहू, रीता श्रीवास्तव, रूपा भालाडहरे, शशि सरोज बैक, टेरेसा केरकेट्टा, विकास रंजन सिन्हा, सरविन्द सिदार सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत छत्तीसगढ़, जिला रायगढ़ के जिलाध्यक्ष विकास रंजन सिन्हा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने देशभर के शिक्षकों, शिक्षाविदों, शिक्षा प्रेमियों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से समारोह में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
रायगढ़ में होने वाला यह आयोजन शिक्षक सम्मान के साथ-साथ शैक्षिक संवाद और नवाचार को एक साझा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रहा है।




