नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान: जिला स्तरीय प्रतियोगिता में युवाओं ने प्रतिभा का किया सशक्त प्रदर्शन…

✍भोजराम पटेल@रायगढ़। युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक धारा से जोड़ने और नशामुक्त समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय,रायगढ़ के मार्गदर्शन में उत्तम मेमोरियल कॉलेज,पटेलपाली के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि सृजनशीलता, संस्कार और संकल्प ही विकसित भारत की वास्तविक पहचान हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित इस अभियान के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त संस्था माय भारत, रायगढ़ द्वारा जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहूके निर्देशन तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र चौबे के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में गीत, नृत्य, चित्रकला, कविता, नारा लेखन, लघु फिल्म निर्माण, नुक्कड़ नाटक और भाषण सहित आठ विधाओं में प्रतिभाओं ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रत्येक प्रस्तुति में केवल कला का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि नशामुक्त समाज, जागरूक युवा और विकसित भारत की कल्पना भी सजीव रूप में दिखाई दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित कलाविद मनोज श्रीवास्तव रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भोजराम पटेल (पूर्व जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना), डॉ. गजेंद्र चक्रधारी (प्राचार्य, जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन) तथा श्री बच्छ भोय (प्राध्यापक, विष्णुचरण गुप्ता शासकीय महाविद्यालय, पुसौर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तम मेमोरियल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गोमती सिंह ने की।

प्रतियोगिता में भाषण में ऐश्वर्या राणा, कविता में नवीन कुमार दुबे, चित्रकला में उषा पटेल, लघु फिल्म/रील निर्माण में हर्ष मालाकार, नारा लेखन में पलक ठाकुर, नृत्य में कृतिका एवं समूह, गीत में महेंद्र एवं समूह (तमनार) तथा नुक्कड़ नाटक में विजय एवं समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये सभी विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक सौदागर चौहान (राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी), सह-संयोजक सुशांत पटनायक तथा उत्तम मेमोरियल कॉलेज के समस्त सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। मंच संचालन नवीन दुबे एवं सौदागर चौहान ने प्रभावशाली ढंग से किया।
चित्रकला, भाषण, कविता, गीत, नृत्य, नारा लेखन, लघु फिल्म एवं नुक्कड़ नाटक की विभिन्न विधाओं में मनोज श्रीवास्तव,भोजराम पटेल, श्री बच्छ भोय, पुष्पांजलि दासे, डॉ. नीति देवांगन, डॉ. उषा नायक, डॉ. के.के. गुप्ता, डॉ. गजेंद्र चक्रधारी, गोपाल श्रीवास, अरुण पांडे, अनाथ महथा तथा रविंद्र कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि जब युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देते हैं, तब वे केवल प्रतियोगिताओं के विजेता नहीं बनते, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक भी सिद्ध होते हैं। नशामुक्ति का संदेश जब कला, साहित्य और अभिव्यक्ति के माध्यम से जनमानस तक पहुँचता है, तब वह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जागरूक और विकसित भारत की सामूहिक चेतना का सशक्त स्वर बन जाता है।



