Chhattisgarhछत्तीसगढ़रायगढ़

NEET में सफलता हासिल कर आदर्श चौधरी ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

रायपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में MBBS के लिए हुआ चयन, परिवार में खुशी का माहौल

रायगढ़। छतामुरा, वार्ड क्रमांक 41 निवासी आदर्श चौधरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) में सफलता अर्जित कर अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आदर्श का चयन रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (Pt. JNM Medical College) में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

आदर्श चौधरी,अखिल भारतीय अघरिया समाज क्षेत्र पुसौर के पूर्व अध्यक्ष एवं नगर पालिक निगम रायगढ़ के पूर्व एल्डरमैन चन्द्रशेखर चौधरी तथा श्रीमती हेमलता चौधरी के सुपुत्र हैं। बेटे की इस उल्लेखनीय सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

बहन भी कर रही हैं एमबीबीएस की पढ़ाई

आदर्श की सफलता के पीछे परिवार में शिक्षा और चिकित्सा के प्रति मजबूत वातावरण भी दिखाई देता है। उनकी बड़ी बहन मेघा चौधरी भी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सीसीएमजीएमसी दुर्ग में एमबीबीएस के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत हैं। ऐसे में भाई-बहन दोनों का चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना परिवार के लिए विशेष गौरव का विषय है।

मेहनत,अनुशासन और दृढ़ संकल्प बनी सफलता की आधारशिला

आदर्श चौधरी ने NEET की तैयारी ALLEN से की। बताया गया कि वे प्रारंभ से ही लक्ष्य के प्रति गंभीर, जिज्ञासु, कर्मठ और दृढ़निश्चयी विद्यार्थी रहे हैं। नियमित अध्ययन,अनुशासन, निरंतर मेहनत और कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य से विचलित न होने की उनकी प्रवृत्ति ने सफलता की राह तैयार की।

NEET जैसी देशव्यापी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में सफलता हासिल कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त करना आदर्श की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उनकी उपलब्धि यह संदेश भी देती है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ कठिन से कठिन प्रतिस्पर्धा को भी पार किया जा सकता है।

आदर्श की सफलता पर अखिल भारतीय अघरिया समाज इकाई खरसिया के अध्यक्ष हेमन्त कुमार पटेल,पदाधिकारियों सहित क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि आदर्श भविष्य में एक संवेदनशील और कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे तथा चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!