ChhattisgarhKharsiaRaigarhखरसिया

JSWप्लांट पहुंची भूपदेवपुर पुलिस, कर्मचारियों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक…

खरसिया। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती के बीच लोगों को डिजिटल ठगी के नए तौर-तरीकों से सावधान करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना भूपदेवपुर पुलिस टीम ने ग्राम नहरपाली स्थित JSW पावर प्लांट पहुंचकर प्लांटकर्मियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने कर्मचारियों को “साइबर जागृति अभियान” की जानकारी देते हुए डिजिटल दुनिया में सतर्कता को सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच बताया। पुलिस ने कर्मचारियों को QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया।

पुलिसकर्मियों ने साइबर ठगी के प्रमुख तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN अथवा बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके साथ ही अनजान लिंक, संदिग्ध QR कोड और APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।

कर्मचारियों को KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने, बिजली बिल, पुलिस कार्रवाई, इनाम अथवा अन्य बहानों से आने वाले फर्जी कॉल और संदेशों से सावधान रहने को कहा गया। ऑनलाइन खरीद-बिक्री के दौरान फर्जी कस्टमर केयर और संदिग्ध पेमेंट रिक्वेस्ट से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट, वीडियो कॉल और संदिग्ध लिंक स्वीकार न करने की भी हिदायत दी गई।

पुलिस ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट,फर्जी निवेश योजना, ऑनलाइन लोन और नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

हर दिन अलग-अलग स्थानों पर पहुंच रही पुलिस

रायगढ़ एसएसपी शशी मोहन सिंह, खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आमजन,कर्मचारियों,विद्यार्थियों और विभिन्न वर्गों के लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को ठगी के तरीकों की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें डिजिटल लेन-देन के दौरान सजग और जिम्मेदार व्यवहार के लिए तैयार करना भी है।

रायगढ़ पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” 2 अक्टूबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

संदेश स्पष्ट है—डिजिटल सुविधा के साथ डिजिटल सतर्कता जरूरी है। एक छोटी-सी सावधानी आर्थिक नुकसान और साइबर अपराध का शिकार होने से बचा सकती है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!