छत्तीसगढ़

कलेक्टर झा ने सरईडीह व अमरपुर गौठान का किया निरीक्षण

कोरबा । कलेक्टर झा ने आज कोरबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत पहंदा के सरईडीह और विकासखंड कटघोरा ग्राम अमरपुर के गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने अमरपुर गौठान में विकसित किए जा रहे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने गौठानों में चल रही आजीविका गतिविधियों के संबंध में स्वसहायता समूह की महिलाओं से जानकारी ली।

पहंदा गौठान में कार्यरत स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि वे गौठान में सब्जी उत्पादन, बतख पालन, मछली पालन व वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कर रही हैं, जिससे उनकी आमदनी बढ़ी है। कलेक्टर झा ने गौठान में महिलाओं की ओर से किए जा रहे वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, मछली पालन, सब्जी -बाड़ी व मशरूम उत्पादन शेड का अवलोकन किया। उन्होंने गौठानों में दो-दो चरवाहा रखने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ को दिये। साथ ही गौठान में मौजूद पलाश के वृक्षों में लाख उत्पादन के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये। कलेक्टर झा ने गौठान में संचालित गतिविधियों से नियमित आय सुनिश्चित करने के लिए बडे स्तर पर सब्जी उत्पादन, मछली पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन और बतख पालन करने के निर्देश दिये। उन्होंने महिला समूहों को लाभान्वित करने के लिए पहंदा गौठान में दोनों सीजन में उद्यानिकी फसल लेने के निर्देश दिये। इसके अंतर्गत कुंदरू, परवल, करेला, भिंडी तथा भाजी आदि का उत्पादन करने के सुझाव दिये। उन्होंने गौठानों मे गोधन न्याय योजना अंतर्गत गोबर खरीदी बढाने के लिए अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। इस दौरान अपर कलेक्टर विजेन्द्र पाटले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नूतन कंवर, एसडीएम कोरबा हरिशंकर पैकरा, जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ जी.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपा क्षेत्र में चिरौंजी, दाल, तेल प्रसंस्करण इकाई व पापड निर्माण से होगी महिलाओं को आवक :

कलेक्टर संजीव झा ने विकासखंड कटघोरा के ग्राम अमरपुर में महिला स्व सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विकसित किए जा रहे रूरल इडस्ट्रियल पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों में संलग्न करने के लिए बनाये गये शेडो का जायजा लिया। कलेक्टर ने रिपा में संचालित किए जाने वाले विभिन्न गतिविधियों की जानकारी एनआरएलएम के जिला प्रबंधक से ली। उन्होने बताया कि रिपा में चिरौंजी प्रोसेसिंग, दाल प्रोसेसिंग, पापड निर्माण इकाई, तेल प्रोसेसिंग इकाई, आलू चिप्स निर्माण, हसदेव ब्रांड बूंदी निर्माण, मिनी राईस मिल, अगरबत्ती, दीया व गमला निर्माण इकाईयों का संचालन किया जाएगा। उसके माध्यम से स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा। जिससे उनकी आर्थिक उन्नति होगी। कलेक्टर झा ने रिपा में मसाला उद्योग को बढावा देने तथा महिलाओं को विभिन्न आर्थिक गतिविधियों की टेनिंग दिलाने के भी निर्देश दिये।

कलेक्टर झा ने अमरपुर गौठान में वर्मी टांका, मुर्गीपालन शेड, बकरी पालन शेड तथा चारागाह का भी अवलोकन किया। उन्होंने गौठान में ही गोबर खरीदी करने तथा वर्मी टांको में पर्याप्त नमी के लिए पानी डालने के निर्देश दिये। उन्होंने चारागाह क्षेत्र में लगाये गये मक्का, एलोवेरा, पपीता वअमरूद के क्षेत्रों का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने एलोवेरा की अच्छी फसल के लिए पानी जमाव को रोकने तथा पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने चारे के लिए गौठान में एजोला उत्पादन को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिये।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!