विदाई समारोह में एसडीएम अविनाश मिश्रा ने साझा किए अपने अनुभव

दन्तेवाड़ा । अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की भूमिका एक लोक सेवक की होती है। कभी इस जिले से कभी उस जिले आम जनता की सेवा संवेदनशीलता के साथ करना पड़ता है और हर जगह नयी ऊर्जा और उत्साह के साथ वो अपनी जिम्मेदारी उठाने को तैयार रहते हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार, 3 जून को दंतेवाड़ा के एसडीएम अविनाश मिश्रा के सी ई ओ जिला पंचायत रायगढ़ के पद पर स्थानांतरण होने पर जिला स्तरीय अधिकारी,कर्मचारियों द्वारा संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भावभीनी विदाई दी गयी। मौके पर अधिकारियों द्वारा मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर प्रभारी कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि यह पल हम सभी को हमेशा याद रहेगा। एसडीएम मिश्रा की स्वच्छ छवि का काम रहा है, जो हमारे लिए प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा प्रदेश का सुदूर आदिवासी बाहुल्य जिला है। अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनके हित के काम करना हमारे लिए सौभाग्य की बात हैं। मिश्रा का कार्य हर क्षेत्र में बहुत ही सुंदर रहा है। अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे ने कहा कि उन्हें जिले की विकास कार्यों में सभी जिला अधिकारियों का सहयोग मिला है। उन्होने कहा कि प्रशासनिक क्षेत्र या अन्य क्षेत्रों में आपका सहयोग भरपूर मिला है। इस अवसर पर एसडीएम मिश्रा ने कहा कि उन्हें जिले की विकास कार्यों में सभी जिला अधिकारियों से भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने अधिकारियों से अपने मातहत कर्मचारियों का सहयोग करने और टीम भावना से कार्य करने की समझाइश दी। मिश्रा ने कहा कि दुनिया में जितना सीखने को मिले कम है, हम सीखेंगे तभी आगे बढ़ पाएंगे। विदाई समारोह में संयुक्त कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, एसडीएम बड़े बचेली अरूण सोम, डिप्टी कलेक्टर शिवनाथ बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कर्मा और अन्य अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त कर अधिकारियों के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे।




