
रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक चालक की केबिन में फंसकर जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक की स्थिति की पुष्टि आग बुझने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जो तेजी से फैलने के कारण केबिन में फंसे चालकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुटी रही। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण राहत कार्य में कठिनाई हुई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


