बिहार: पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत का निधन, किडनी की बीमारी से पीड़ित थे

पटना । बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत का निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे और पिछले कुछ दिनों से पटना एम्स में भर्ती थे। बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही से जदयू विधायक थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कपिलदेव कामत के निधन पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कपिलदेव कामत जमीन से जुड़े राजनेता थे।
कपिलदेव कामत कोरोना संक्रमित थे और पहले से ही वो किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। हालत अधिक बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। पिछले कई दिनों से किडनी की बीमारी की वजह से अस्पताल में उनकी डायलिसिस हो रही थी और ब्लड प्रेशर कम होने की वजह से वेंटिलेटर पर रखा गया था।
कपिलदेव कामत 10 साल से मंत्री थे। वे बीते 40 साल से सक्रिय राजनीति में थे, लेकिन बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले कपिलदेव कामत के स्वास्थ्य को देखते हुए जेडीयू ने बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी मधुबनी के बाबूबरही सीट पर उनकी बहू मीना कामत को अपना प्रत्याशी बनाया है।




