सूरजपुर ब्रेकिंग:भूमि अधिग्रहण का विरोध हिंसक,ग्रामीणों के पथराव में DSP समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल…

सूरजपुर/प्रतापपुर-सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में भूमि अधिग्रहण और सर्वे की कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय हिंसक हो गई, जब विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से किए गए पथराव में डीएसपी सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पांच जिलों की पुलिस को मौके पर तैनात किया है। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि भूमि अधिग्रहण और सर्वे को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही नाराजगी थी। कार्रवाई के दौरान विरोध तेज हो गया और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामीणों के तीव्र विरोध के चलते अधिग्रहण की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, पूरे घटनाक्रम की जांच भी की जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर प्रशासन की लगातार निगरानी बनी हुई है।




