रायगढ़ में स्कूल प्रबंधन समितियों के गठन पर फिलहाल रोक,अगले आदेश तक नहीं होगी कोई कार्यवाही…

रायगढ़। जिले में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी/एसएमडीसी) के गठन को लेकर जारी आदेश के क्रियान्वयन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक,समग्र शिक्षा, रायगढ़ द्वारा 05 अगस्त 2026 को

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 04 अगस्त 2026 को

जारी एसएमसी-एसएमडीसी गठन संबंधी निर्देशों का पालन अगले आदेश तक स्थगित रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार,जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयकों को निर्देशित किया गया है कि स्थगन अवधि के दौरान विद्यालय प्रबंधन समितियों के गठन के संबंध में किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जाए तथा आगामी आदेश की प्रतीक्षा की जाए।
पहले क्या जारी हुआ था?
04 अगस्त 2026 को समग्र शिक्षा रायगढ़ द्वारा जारी आदेश में राज्य शासन की नई “Guideline for SMCs-2026” के अनुरूप जिले के सभी विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। आदेश में छात्र संख्या के आधार पर समिति के सदस्यों की संख्या, अभिभावकों की भागीदारी,महिला प्रतिनिधित्व तथा समिति की कार्यप्रणाली संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश भी निर्धारित किए गए थे।
अब क्या होगा?
ताजा आदेश के बाद विद्यालयों में एसएमसी गठन की पूरी प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारी अब राज्य स्तर अथवा जिला स्तर से जारी होने वाले अगले निर्देशों की प्रतीक्षा करेंगे। इसके बाद ही नई समय-सारिणी अथवा संशोधित प्रक्रिया के अनुसार समितियों के गठन की कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।
यह निर्णय जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में स्कूल प्रबंधन समितियों के गठन की प्रक्रिया को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा और अब संबंधित संस्थानों को अगले प्रशासनिक आदेश का इंतजार रहेगा।




