बड़ी संख्या में कांग्रेस,महिला कांग्रेस,यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे…
रायगढ़। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व खरसिया विधायक उमेश पटेल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस,यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना को आम उपभोक्ताओं के हितों के प्रतिकूल बताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और योजना पर पुनर्विचार की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक उमेश पटेल ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज़ उठाना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि किसी योजना को लेकर आम नागरिकों में व्यापक असंतोष है, तो सरकार को उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार मजबूती से सड़क से सदन तक उठाते रहे हैं। समर्थकों का कहना था कि जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति और विभिन्न सार्वजनिक विषयों पर मुखर भूमिका के कारण वे प्रदेश में एक प्रभावी युवा जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर कुछ समय तक प्रदर्शन जारी रहा। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।
कांग्रेस ने संकेत दिया है कि यदि स्मार्ट मीटर को लेकर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जा सकता है।




