
रायगढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार शाम रायगढ़ सहित प्रदेश के आठ जिलों के लिए भारी वर्षा (Heavy Rain Severe) का अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार रायगढ़, कोरबा, धमतरी, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कांकेर, कोंडागांव, सूरजपुर और सरगुजा के कुछ स्थानों पर अगले तीन घंटे के भीतर मध्यम से तेज बारिश तथा गरज-चमक होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले मैदानों, नदी-नालों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्रशासन को भी संभावित जलभराव और स्थानीय स्तर पर आपात स्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जनहित में अपील:
यदि आप रायगढ़ या अलर्ट वाले जिलों में हैं, तो मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें, बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।



