
रायगढ़।आगामी जन्माष्टमी,मेलों और विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने रायगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने ऐसे लोगों को थाने बुलाकर अपराध और विवाद से दूर रहने की स्पष्ट हिदायत दी है।
पुलिस ने दो टूक कहा है कि त्योहारों के दौरान मारपीट,विवाद,शराबखोरी, उपद्रव अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस की नजर ऐसे तत्वों की गतिविधियों और आवागमन पर लगातार बनी रहेगी।
खरसिया,छाल और भूपदेवपुर में बदमाशों की कराई गई हाजिरी

इसी क्रम में 30 अगस्त को एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना खरसिया,

छाल एवं भूपदेवपुर क्षेत्र के

गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाया गया। खरसिया थाना परिसर में एसडीओपी भार्गव ने स्वयं उन्हें सख्त समझाइश देते हुए अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण जीवन बिताने की हिदायत दी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार आम लोगों के लिए आस्था और उल्लास का अवसर हैं। किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा आमजन की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शिकायत अथवा आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
चक्रधरनगर में डीएसपी राहुल उईके ने दी दो टूक चेतावनी
वहीं, थाना चक्रधरनगर में भी क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाना परिसर में हाजिर कराया गया। डीएसपी राहुल उईके ने उन्हें अपराध और विवाद से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने अथवा आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर कठोर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी।
डीएसपी उईके ने थाना प्रभारी राकेश मिश्रा को निर्देशित किया कि गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित जांच की जाए। उनकी वर्तमान गतिविधियों और आवागमन पर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
आगामी जन्माष्टमी, मेलों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच तथा डायल-112 की टीमों को अलर्ट रखा गया है।
पुलिस अधिकारी थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उद्देश्य स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल खराब करने का अवसर न मिले और आम नागरिक भयमुक्त वातावरण में पर्व मना सकें।
एसएसपी ने आमजन से की सहयोग की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि,विवाद या उपद्रव की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
रायगढ़ पुलिस की तैयारियों का संदेश साफ है—त्योहार खुशी और आस्था के लिए हैं,अशांति और अपराध के लिए नहीं। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई दोनों जारी रहेंगी।




