
खरसिया। ग्राम गिधा में 44 वर्षीय महिला के घर से अचानक लापता होने के मामले में खरसिया पुलिस ने एक ही घटनाक्रम को लेकर दो अलग-अलग अपराध क्रमांक 0467/26 और 0466/26 दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में शिकायतकर्ता राजीव महंत पिता बुटकू महंत हैं और दोनों में धारा 140(3) बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार राजीव महंत 05 सितंबर 2026 की सुबह करीब 07 बजे रोजाना की तरह खरसिया सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर अपने घर ग्राम गिधा लौटा था। घर पहुंचने पर उसकी बड़ी बेटी खुशी महंत ने बताया कि उसकी मां मालती महंत (44) घर पर नहीं हैं। बेटी के अनुसार वह सुबह करीब 5 बजे उठी थी, उस समय भी उसकी मां घर में मौजूद नहीं थीं।
राजीव महंत ने बताया कि परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद उसने मोहल्ले, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रिश्तेदारों तथा संभावित स्थानों पर महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष आशंका जताई है कि उसकी पत्नी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रलोभन देकर बहकाकर अपहरण किया गया हो सकता है। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का पता नहीं चलने पर उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए अपराध क्रमांक 0467/26 और 0466/26, दोनों में धारा 140(3)-BNS के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
एक ही घटना में दो एफआईआर से उठे सवाल
मामले में विशेष बात यह है कि शिकायतकर्ता और घटनाक्रम एक ही होने के बावजूद एक ही धारा के तहत दो अलग-अलग अपराध क्रमांक दर्ज किए गए हैं। ऐसे में दोनों प्रकरणों का आपस में क्या संबंध है, क्या किसी तकनीकी अथवा अभिलेखीय कारण से दो अपराध दर्ज हुए हैं और विवेचना किस रूप में आगे बढ़ेगी—यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल पुलिस लापता महिला की तलाश और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है। महिला के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचित करने की अपील की गई है।




