Kharsiaखरसिया

खरसिया में बहेगी श्रीमद्भागवत की ज्ञान-भक्ति गंगा,आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज सुनाएंगे कथा

13 से 19 सितंबर तक अजीत सिंह नगर में आयोजन, आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा; स्टेशन चौक से होगा शुभारंभ

रामनारायण सोनी@खरसिया। धर्म और आस्था की नगरी खरसिया में आगामी 13 से 19 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। स्थानीय अजीत सिंह नगर में गर्ग परिवार (बहु झोलरी वाले) द्वारा पितृ मोक्षार्थ गया श्राद्ध के निमित्त आयोजित इस कथा में वृंदावन के सुप्रसिद्ध भागवत वक्ता पूज्य आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत की अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे।

कथा के शुभारंभ से पूर्व 13 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा श्याम मंदिर, स्टेशन चौक से सुबह 11 बजे प्रारंभ होगी और पुत्री शाला, सुभाष चौक, मोहापाली मार्ग, फकीर चौक, स्टेशन चौक होते हुए डभरा रोड से कथा स्थल अजीत सिंह नगर पहुंचेगी। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

वृंदावन की भक्ति परंपरा के प्रखर वक्ता हैं आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी

श्रीधाम वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी जी महाराज के शयन भोग सेवा अधिकारी तथा श्रीमद्भागवत के प्रख्यात वक्ता आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज अपनी ओजस्वी व भावपूर्ण कथा शैली के लिए देशभर में श्रद्धालुओं के बीच विशेष पहचान रखते हैं।

बताया जाता है कि उन्होंने मात्र 16 वर्ष की आयु में हरिद्वार में गंगा के पावन तट पर पहली श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया था। इसके बाद निरंतर कथा प्रवाह के माध्यम से वे श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म, संस्कार और सात्विक जीवन का संदेश देते आ रहे हैं।

उनकी कथा में श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेश के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक संस्कार और जीवन मूल्यों का सहज समावेश देखने को मिलता है। आधुनिक जीवन की आपाधापी और भौतिकता के बीच वे श्रद्धालुओं को श्री बांके बिहारी जी और श्री राधारानी की भक्ति से जुड़ने तथा सात्विक जीवन-पद्धति अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

दूर-दराज से पहुंचेंगे श्रद्धालु, विशाल डोम में बैठने की व्यवस्था

आयोजक परिवार के अनुसार, आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज की कथा के श्रवण के लिए राज्य और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की सूचना मिल रही है। इसे देखते हुए कथा स्थल पर विशाल डोम और भव्य पंडाल तैयार किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडाल में पर्याप्त बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि कथा श्रवण के दौरान किसी को असुविधा न हो।

आयोजक परिवार ने क्षेत्रवासियों से 13 सितंबर को भव्य शोभायात्रा में शामिल होने तथा 13 से 19 सितंबर तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ लेने का आग्रह किया है।

सात दिनों तक खरसिया में भक्ति, कथा और संस्कार का यह महापर्व श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर बनेगा।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!