ChhattisgarhKharsiaRaigarhखरसिया

खरसिया में आधी रात रफ्तार का कहर: 11 केवी खंभा तोड़कर घर में घुसा लोहे से लदा ट्रक,चार बाइक जलकर राख

अजय बंसल@खरसिया। खरसिया-रायगढ़ मार्ग पर बीती देर रात करीब 2:00 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 केवी विद्युत खंभे को तोड़ते हुए मकान में जा घुसा। ट्रक में लोहे की बीमें लदी थीं। टक्कर के बाद घर के समीप खड़ी चार मोटरसाइकिलों में आग लग गई, जिससे करीब 7 से 8 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि मकान के भीतर सो रहे लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार सीजी 04 क्यूके 4176 क्रमांक का लोहे की बीम से लदा ट्रक देर रात रायगढ़-खरसिया  मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक सड़क किनारे लगे 11 केवी विद्युत खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा टूट गया और अनियंत्रित ट्रक आगे बढ़ते हुए कन्हैया महाराज गुपचुप वाले के मकान में जा घुसा।

हादसा उस समय हुआ जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। ट्रक के मकान से टकराने की तेज आवाज से घर में सो रहे लोगों की नींद खुल गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में दहशत फैल गई। हालांकि, संयोगवश कोई व्यक्ति ट्रक की चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।

इसी दौरान मकान के पास खड़ी चार मोटरसाइकिलें आग की चपेट में आ गईं। आग ने देखते ही देखते वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और चारो बाइक जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक तौर पर करीब 7-8 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान बताया जा रहा है।

विद्युत विभाग को लाखों का नुकसान,व्यवस्था भी हुई प्रभावित

विद्युत खंभे के क्षतिग्रस्त होने से विद्युत विभाग को भी लाखों का नुकसान के साथ आस-पास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन- पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्यवाही की गई। बिजली विभाग की टीम को सूचना देकर क्षतिग्रस्त खंभे को हटाने और विद्युत व्यवस्था बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा पर सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर खरसिया-रायगढ़ मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही,उनकी गति और सड़क किनारे बसे रिहायशी इलाकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आधी रात के सन्नाटे में एक भारी वाहन का विद्युत खंभा तोड़कर सीधे मकान में घुस जाना महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उस जोखिम की ओर भी संकेत करता है जो ऐसे मार्गों के नजदीक पर रहने वाले परिवार लगातार झेल रहे हैं।

सोशल मीडिया में वायरल …

सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि हादसे में जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिस्थितियां ऐसी थीं कि परिणाम बेहद गंभीर हो सकता था। यदि ट्रक की चपेट में घर के लोग या राहगीर आ जाते, तो तस्वीर कहीं अधिक भयावह होती।

फिलहाल खरसिया पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारण,वाहन की गति,चालक की स्थिति और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर ट्रक अनियंत्रित कैसे हुआ। हादसे के बाद अब स्थानीय स्तर पर भारी वाहनों की गति और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस निगरानी की आवश्यकता फिर सामने आई है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!