स्टेट हाईवे-200 पर जाम,सड़क बनी मुसीबत;जनता पूछ रही—जवाबदेह कौन?

कुर्रुभांठा में लंबा जाम,बड़े जामपाली-दर्रामुड़ा-बिंजकोट मार्ग की बदहाली से राहगीर परेशान; अधूरी सड़क ने बढ़ाई मुश्किलें

खरसिया। कुर्रुभांठा में स्टेट हाईवे-200 पर आज लंबा जाम लगने और बड़े जामपाली-दर्रामुड़ा-बिंजकोट मार्ग की जर्जर हालत ने सड़क व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के बीच गड्ढे,कीचड़ और जलभराव से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने गम्भीर आरोप लगा रहे है कि निर्माणाधीन सड़क को पूरा करने के बजाय उसे खोदकर छोड़ दिया गया, जिससे बारिश में पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया। सवाल यह है कि बारिश से ठीक पहले सड़क खोदने की जरूरत क्यों पड़ी और अधूरा निर्माण जनता के लिए मुसीबत क्यों बना दिया गया?

इधर,सड़क की समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से मिलने पहुंचे युवकों को कथित तौर पर धमकाने और चेंबर से बाहर भगाने का गम्भीर आरोप भी सामने आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जनसमस्या उठाने पर ही दबाव का सामना करना पड़े तो आखिर अपनी आवाज किसके सामने उठाई जाए?
अब ग्रामीण सीधे तौर पर जवाब मांग रहे हैं—सड़क का ठेका किसे मिला, कितनी राशि स्वीकृत हुई,कितना काम हुआ और अधूरी सड़क को इस हालत में छोड़ने की जिम्मेदारी किसकी है?
सड़क की बदहाली और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। समय रहते मार्ग दुरुस्त नहीं हुआ तो विरोध तेज होने की चेतावनी भी सामने आ रही है।



