राष्ट्रपति श्रीमती. द्रौपदी मुर्मु ने देश भर के स्कूली छात्रों के साथ राष्ट्रपति भवन में रक्षा बंधन मनाया
इस विशेष उत्सव में 17 राज्यों,एक केंद्र शासित प्रदेश,केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति के छात्र भाग लेते हैं
छात्र इस शैक्षिक भ्रमण में प्रधान मंत्री संग्रहालय, राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान का दौरा करते हैं
दिल्ली।भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज स्कूली छात्रों से रक्षाबंधन के मूल मूल्यों,यानी प्रेम, देखभाल और संरक्षण को पर्यावरण तक फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार प्रेम के उस बंधन का प्रतीक है जिसे परिवार के सदस्यों, दोस्तों और यहां तक कि पेड़ों के साथ भी साझा किया जा सकता है। वह राष्ट्रपति भवन में देश भर के स्कूली छात्रों के साथ रक्षाबंधन मना रही थीं।
पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने छात्रों से जीवन के लिए आवश्यक संतुलन को बनाए रखने के लिए वृक्षों और पौधों पर राखी बांधने का आग्रह किया। छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और उसकी देखभाल का संकल्प जीवन भर का कर्तव्य बनना चाहिए।


इस विशेष समारोह में 89 छात्रों और 32 शिक्षकों सहित 122 प्रतिभागियों ने भाग लिया। 17 राज्यों, एक केंद्र शासित प्रदेश, केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) से आए प्रतिनिधियों में 13 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे (सीडब्ल्यूएसएन) भी शामिल थे।


राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के तहत, छात्रों ने 27 अगस्त, 2026 को प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा किया। आज राष्ट्रपति भवन में कार्यक्रम के बाद, छात्रों ने राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान के निर्देशित भ्रमण में भी भाग लिया। वे रायपिथोरा सांस्कृतिक परिसर में आयोजित “दी लाईट एण्ड दी लोटस: रेलिक्स ऑफ अवेकेण्ड वन” प्रदर्शनी में भी जाएंगे, जहां वे प्रदर्शित पवित्र बुद्ध अवशेषों का भी दर्शन करेंगे। इसके अलावा, वे 29 अगस्त, 2026 को अपनी शैक्षिक यात्रा के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और इंडिया गेट का भी दौरा करेंगे।




