
खरसिया। रायगढ़ मरम्मत के लिए ले जाए जा रहे एक लोडर वाहन में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अचानक आग लग गई। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर काजूबाड़ी-चपले के पास हुई,जहां कुछ ही पलों में वाहन आग की लपटों से घिर गया। चालक ने सूझ-बूझ और तत्परता दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। हादसे में चालक सुरक्षित बताया जा रहा है,जबकि लोडर को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार लोडर क्रमांक CG 04 NW 2615 मरम्मत के लिए रायगढ़ ले जाया जा रहा था। काजूबाड़ी-चपले के समीप पहुंचते ही वाहन के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक कुछ समझ पाता,उससे पहले ही आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते लोडर धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे 112 फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही अन्य वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोककर संभावित बड़ी दुर्घटना को टालने का प्रयास किया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यह घटना एक बार फिर भारी वाहनों के नियमित तकनीकी परीक्षण और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता को रेखांकित करती है। यदि यह आग किसी व्यस्त बाजार क्षेत्र या घनी यातायात वाली जगह पर लगी होती,तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे।
फिलहाल घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है…




