
खरसिया। जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व के दौरान मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्था संभालने की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ढ़लती शाम को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था,यातायात,पार्किंग, पेयजल,बिजली,साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समाज प्रमुख और आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जन्माष्टमी से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मंदिरों में सीसीटीवी की होगी निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और उनके डिस्प्ले की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
चौक-चौराहों पर पुलिस बल रहेगा तैनात

जन्माष्टमी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए खरसिया पुलिस द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़ वाले स्थानों पर अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यातायात को व्यवस्थित रखने और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाने पर भी जोर दिया गया है।
वहीं पेयजल, विद्युत और साफ-सफाई व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। बैठक में समाज प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े लोगों से भी सुझाव लिए गए। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रशासन का जोर जन्माष्टमी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है।



