खरसिया/पामगढ़। पारिवारिक रिश्तों की गरिमा उस समय सवालों के घेरे में आ गई जब घरेलू जमीन के बंटवारे को लेकर उपजा विवाद कथित रूप से हिंसक झड़प में बदल गया। पामगढ़ निवासी श्रीमती जमुना पटेल ने अपने जेठ सोनलाल पटेल पर शराब के नशे में गाली-गलौज,मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए खरसिया पुलिस से कार्यवाही की मांग की है।
FIRके अनुसार घटना 01 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 08 बजे की है। आरोप है कि घरेलू जमीन के बंटवारे को लेकर सोनलाल पटेल घर के सामने सड़क किनारे पहुंचा और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद करने लगा। जब श्रीमती जमुना पटेल ने इसका विरोध किया, तब कथित रूप से आरोपी ने उनके साथ हाथ,मुक्के और लात-घूंसों से मारपीट की तथा धक्का देने से वह जमीन पर गिर गईं। शिकायत में कहा गया है कि गिरने से उनके दाहिने हाथ के अंगूठे और हथेली के पास चोट आई, जिससे रक्तस्राव हुआ और दर्द बना हुआ है।
पीड़िता ने यह भी उल्लेख किया है कि घटना के दौरान उनके ससुर गनेशु राम पटेल मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना देखी और बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया।
यह घटना केवल एक आपराधिक शिकायत भर नहीं, बल्कि इस कड़वी सच्चाई की भी याद दिलाती है कि जब पारिवारिक संवाद टूटने लगते हैं, तब रिश्तों की नींव भी दरकने लगती है। संपत्ति का विवाद यदि कानून और आपसी सहमति के बजाय हिंसा का रूप ले ले,तो उसका सबसे बड़ा नुकसान परिवार और सामाजिक विश्वास को होता है।
फिलहाल पीड़िता ने पुलिस से विधिसम्मत कार्यवाही की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्यवाही ही न्याय प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।


