विविध खबरें

खांसते-छींकते समय मुंह ढकें, भीड़भाड़ से बचें… दिल्ली में तेजी से बढ़ रहा H1N1, सरकार ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली सरकार ने H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें स्वच्छता,भीड़ से बचने और डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की गई है. इस साल इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से ज्यादा मामले सामने आए.

दिल्ली में H1N1 के 1,777 से ज्यादा मामले

एक दिन में H1N1 के 114 नए केस मिले

दिल्ली सरकार ने जारी की स्वास्थ्य एडवाइजरी

35 अस्पतालों को विशेष निगरानी में रखा गया

AIIMS और NCDC में रेफरल लैब निर्धारित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे चिंता पैदा हो गई है. इस बीच दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है. सरकार ने लोगों से लोगों से अपील की है कि वो सांस संबंधी स्वच्छता का पालन करें, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और लक्षण दिखने पर समय पर डॉक्टर की सलाह लें.

इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जिनमें शुक्रवार तक एच1एन1 के 1,777 से अधिक मामले शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अकेले गुरुवार को H1N1 के 114 मामले सामने आए. इससे साफ पता चलचा है कि स्वाइन फ्लू के मामले कितनी तेजी से बढ़ रहे हैं.

लोगों को दी गई सलाह

स्वास्थ्य परामर्श में लोगों से एहतियात बरतने को कहा गया है. उनसे कहा गया है कि खांसते या छींकते समय अपने मुंह और नाक को ढकें, हाथों को साबुन और पानी से लगातार धोएं, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें. इसके साथ ही सांस से जुड़ी बीमारी से पीड़ित लोगों से नजदीकी संपर्क से बचने की सलाह दी गई है. वहीं लोगों को आंखों और नाक को छूने से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की भी सलाह दी गई है.

परामर्श में कहा गया है कि अगर बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, शरीर में दर्द या सिरदर्द जैसे कोई भी लक्षण दिखाई देंतो डॉक्टर से संपर्क करें. स्वास्थ्य विभाग ने बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने को कहा है.

इन्फ्लुएंजा से निपटने की तैयारी

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दिल्ली इन्फ्लुएंजा के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर, डॉक्टर, दवाएं और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं.विभाग ने बताया कि 35 अस्पतालों को विशेष निगरानी में रखा है. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) और नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल यानी NCDC में दो रेफरल लैब भी निर्धारित की गई हैं.

इसके साथ ही मरीजों की श्रेणी तय करने, उपचार के प्रोटोकॉल, वेंटिलेटर संबंधी प्रबंधन, मास्क के इस्तेमाल और घर पर देखभाल से संबंधित तकनीकी दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं. मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारियों, जिला निगरानी अधिकारियों और अस्पतालों को इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षणों वाली बीमारी (ILI), गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण, इन्फ्लुएंजा और कोविड-19 के मामलों की जांच, रिपोर्टिंग और निगरानी के संबंध में परामर्श भेजे गए हैं. यह काम दिशानिर्देशों के अनुसार इंटीग्रेटेड हेल्थ इंफॉर्मेशन प्लेटफॉर्म पोर्टल पर किया जा रहा है.

इन्फ्लुएंजा के आकड़े

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते गुरुवार को इन्फ्लुएंजा के 159 मामले सामने आए. इनमें 155 मामले इन्फ्लुएंजा -ए के थे, जिनमें 114 H1N1 , दो H1, एक H3 और इन्फ्लुएंजा-ए के 38 अन्य मामले शामिल थे. इसके अलावा इन्फ्लुएंजा-बी के भी चार मामले सामने आए. शुक्रवार तक इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा के कुल 2,602 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें 2,392 इन्फ्लुएंजा -ए और 210 इन्फ्लुएंजा -बी के मामले हैं.

स्वाइन फ्लू की स्थिति की समीक्षा

शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बैठक कर स्वाइन फ्लू की स्थिति की समीक्षा की. सिंह ने बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी सरकारी अस्पतालों को इलाज की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं.

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!