Kharsiaखरसिया

खरसिया में सड़क हादसे पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: स्कॉर्पियो चालक गिरफ्तार,हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज…

खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपीत के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या के प्रयास (अपराधिक मानव वध के प्रयास) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार,टी.आई.टी. कॉलोनी खरसिया निवासी योगेश गर्ग की रिपोर्ट पर कार्यवाही की गई। शिकायत में बताया गया कि 6 जुलाई 2026 की शाम लगभग 05:45 बजे उनके बड़े पिता कैलाश गर्ग (73 वर्ष) मंगल बाजार से राठौर चौक की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही स्कॉर्पियो (CG 13 AY 6539) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्ष परिस्थितियों के अनुसार,टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक मोटरसाइकिल को लगभग 200 से 250 फीट तक घसीटते हुए ले गया, जिससे कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की। विवेचना के दौरान 21 जुलाई 2026 को आरोपीत भीष्म कुमार यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम उपनी, थाना डभरा, जिला सक्ती को हिरासत में लिया गया। पूछ-ताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त कर ली।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसके आधार पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 भी प्रकरण में जोड़ी गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्यवाही में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई मनोज पटेल तथा खरसिया चौकी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार किसी की जान ले सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस आगे भी कठोर वैधानिक कार्यवाही करती रहेगी।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!