
खरसिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर खरसिया विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल ने क्षेत्रवासियों सहित समस्त श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का प्रकाश भरने की कामना की।
अपने शुभकामना संदेश में विधायक पटेल ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य,धर्म,प्रेम,करुणा और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उनका जीवन हमें विषम परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने, कर्तव्य के पथ पर अडिग रहने और अन्याय के विरुद्ध सत्य का साथ देने की प्रेरणा देता है।
जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व नहीं,बल्कि मानवीय मूल्यों, प्रेम और लोककल्याण की भावना को अपने जीवन में उतारने का अवसर भी है। विधायक पटेल ने कामना की कि नंदलाल की कृपा से प्रत्येक परिवार में खुशियों की किलकारियां गूंजें,आपसी प्रेम और भाईचारा मजबूत हो तथा समाज में शांति और सौहार्द का विस्तार हो।

विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल ने देश प्रदेश सहित खरसिया क्षेत्रवासियों के सुखद,स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए संदेश के अंत में कहा—
“भगवान श्री कृष्ण जी आप सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।
जय श्री कृष्ण।”




