Raigarhरायगढ़

वर्षा ऋतु के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने प्रशासन सतर्क

कलेक्टर ने इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के तहत अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1070 अथवा दूरभाष नंबर 94791-93299 पर दे सकते हैं सूचना

रायगढ़। वर्षा ऋतु के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन नीति के अनुरूप जिला स्तर पर इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम को सक्रिय करते हुए विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। कलेक्टर ने आदेश जारी कर समस्त गतिविधियों के लिए सहायक कलेक्टर  गोकुल आर.के. को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो को इंसिडेंट कमांडर नियुक्त कर आपदा प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों के निर्देशन,नियंत्रण एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे। इंसिडेंट कमांडर की अनुपस्थिति में प्रभारी अधिकारी आपदा प्रबंधन एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल इंसिडेंट कमांडर के दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी को सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित जिम्मेदारी दी गई है। वे प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, संभावित जोखिमों के आकलन एवं आवश्यक समन्वय का कार्य करेंगे। वहीं डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम को विभिन्न विभागों, एनडीआरएफ,एसडीआरएफ एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने का दायित्व सौंपा गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग,नगर सेना,स्वास्थ्य विभाग,परिवहन विभाग,नगर निगम सहित अन्य विभागों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। संबंधित विभाग आवश्यकता के अनुसार संसाधनों की उपलब्धता,स्वास्थ्य सेवाओं,परिवहन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए कमांड स्टाफ,ऑपरेशन सेक्शन, योजना सेक्शन, रेस्कु एवं रिस्पांस ब्रांच, लॉजिस्टिक सेक्शन,सेवा शाखा एवं सहायता शाखा का गठन किया गया है। इसमें प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को शामिल कर उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समन्वय एवं तत्परता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक छत्तीसगढ़ शासन के टोल फ्री नंबर 1070 अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 94791-93299 पर सूचना दे सकते हैं।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!