ChhattisgarhRaigarhछत्तीसगढ़रायगढ़

लैलूंगा में जर्जर सड़क को लेकर प्रदर्शन, केशला मोड़ पर चक्का जाम; रायगढ़–लैलूंगा मार्ग बाधित

लैलूंगा (रायगढ़)। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत केशला मोड़ पर शनिवार को केशला–तोलगे मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सड़क निर्माण की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के नेतृत्व में चक्का जाम कर दिया, जिससे रायगढ़–लैलूंगा मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।

करीब एक घंटे से अधिक समय से जारी इस प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही एसडीएम एवं पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से लगातार चर्चा कर उन्हें समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।

ग्रामीणों की मुख्य मांग

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि केशला–तोलगे सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और खराब सतह के कारण आवागमन जोखिमभरा हो गया है। उनका आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

स्थिति पर प्रशासन की नजर

मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का प्रयास है कि ग्रामीणों से सहमति बनाकर यातायात जल्द से जल्द सामान्य कराया जाए।

फिलहाल, केशला मोड़ पर चक्का जाम जारी है और सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता के परिणाम पर आगे की स्थिति निर्भर करेगी।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!