Kharsiaखरसिया

मदनपुर में बोलेरो का तांडव: व्यक्ति और गाय को टक्कर मारने के बाद तीन दुकानों में घुसी, बाल-बाल बचे लोग

खरसिया। खरसिया चौकी क्षेत्र के मदनपुर में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान और दुकानों से जा टकराई। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो ने पहले एक व्यक्ति और एक गाय को टक्कर मारी, इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तीन दुकानों में जा घुसा। दुकानों में मौजूद दो लोग बाल-बाल बच गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों और सड़क किनारे बने मकान की संरचना को नुकसान पहुंचा तथा बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गई।

बुधवार बाजार होता तो बढ़ सकती थी दुर्घटना की भयावहता

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह सामान्य दिनों में भी काफी भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र है और बुधवार को यहां साप्ताहिक बाजार लगता है। यदि बाजार के दिन इसी तरह वाहन अनियंत्रित होकर भीड़ में घुसता,तो जनहानि का खतरा काफी गंभीर हो सकता था। लोगों ने घटना को बड़े हादसे से बाल-बाल बचना बताया।

112 की मदद से चालक पुलिस के हवाले

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कथित रूप से नशे की हालत में मिले बोलेरो चालक को अपने कब्जे में लिया। घटना के बाद अब लोगों की नजर पुलिस की आगे की कार्यवाही पर है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक के विरुद्ध किन धाराओं में कार्यवाही की गई और मेडिकल जांच में नशे की स्थिति की क्या पुष्टि हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी पुलिस कार्यवाही के बाद ही स्पष्ट होगी।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!