
शिवपुराण कथा में माँ पार्वती के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन,देवघर अपार्टमेंट में उमड़ रहे श्रद्धालु
✍भोजराम पटेल @रायगढ़। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर रायगढ़ के दरोगापारा स्थित बुढ़ी माई मंदिर एवं रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित देवघर अपार्टमेंट में आयोजित शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धा और भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। कथा के तृतीय दिवस प्रतिष्ठित कथा वाचक पं. पवन कुमार त्रिपाठी ने माँ पार्वती के जन्म प्रसंग का मार्मिक एवं प्रेरक वर्णन करते हुए कहा कि “पुत्री का जन्म सुख, समृद्धि और मंगल का संदेश लेकर आता है। शास्त्रों में कहा गया है— कन्या सुखदाम्।”
उन्होंने बताया कि देवताओं के कल्याण और लोकमंगल के उद्देश्य से माँ पार्वती ने पर्वतराज हिमालय के यहाँ शैलपुत्री के रूप में अवतार लिया। यह प्रसंग केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि समाज को बेटियों के सम्मान और उनके महत्व का संदेश भी देता है।
कथा के दौरान पं. त्रिपाठी ने शिवपुराण एवं देवी भागवत के प्रसंगों का सरल, प्रभावशाली और भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान भोलेनाथ एवं माँ पार्वती के दिव्य चरित्र का विस्तार से वर्णन किया। श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से कथा का श्रवण किया और वातावरण शिवमय बना रहा।
श्रावण मास में आयोजित यह शिव महापुराण कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक चल रही है। कथा का वाचन अखिल भारतीय धर्म संघ के प्रचार मंत्री एवं स्वामी करपात्री जी महाराज के कृपापात्र पं. पवन कुमार त्रिपाठी द्वारा किया जा रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त, मातृशक्ति एवं श्रद्धालु कथा में सहभागिता कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।




